नाचनी (पिथौरागढ़)। उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल दिवस पर राजभवन देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में राइंका बांसबगड़ के प्रियांशु कुमार ने सीनियर वर्ग में दूसरा, योगेश दशौनी ने जूनियर वर्ग में तीसरा और राइंका कनालीछीना के उज्ज्वल ने जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान पाया। राज्यपाल केके पाल और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने तीनों चित्रकारों को सम्मानित किया।
राइंका बांसबगड़ के कला शिक्षक राजीव कश्यप ने देहरादून से फोन पर बताया कि प्रियांशु, योगेश और उज्ज्वल की चित्रकारी की राज्यपाल और बाल विकास मंत्री ने काफी प्रशंसा की। प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिलों से विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था। जिले से उक्त तीन छात्रों के साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज बांसबगड़ के रोहित राणा, दीपक बिष्ट, पंकज बिष्ट ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
कला शिक्षक कश्यप ने अपने हाथों से बनाई राज्यपाल केके पाल की पेंटिंग राज्यपाल को भेंट की। प्रियांशु, योगेश और उज्ज्वल के प्रदर्शन से उनके विद्यालयों में खुशी का माहौल है। प्रियांशु और योगेश ने सफलता का श्रेय कला शिक्षक कश्यप को दिया।