बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। राजकीय हाइस्कूल रीठा रैतोली में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस बीच यहां लोगों को गेस्ट टीचरों की नियुक्ति की उम्मीद थी, लेकिन यहां इनकी नियुक्ति भी नहीं की गई है। लोगों ने जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेजकर शिक्षकों की नियुक्ति न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विद्यालय के अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोकुल कठायत ने बताया कि यहां गणित और विज्ञान विषयों में शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। नए शिक्षा सत्र को 5 महीने हो गए हैं। अगले माह अर्द्धवार्षिक परीक्षा है। महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक न होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। मंगलवार को स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी तरुण पंत के माध्यम से जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में विज्ञान, गणित विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति के साथ ही स्थायी प्रधानाचार्य और लिपिक की नियुक्ति की मांग भी की गई है। चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर नियुक्तियां नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोकुल कठायत, महिराज राठौर, गणेश सिंह, बालादत्त धारियाल, भगवान सिंह, महेंद्र कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।