झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल के खड़ेनी गांव निवासी देव सिंह की पत्नी हरिना देवी (45) की सांप के काटने से मौत हो गई। वह रविवार सुबह खेत में काम कर रही थी। नेपाल के लोग हरिना देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झूलाघाट लाए, लेकिन अस्पताल में इंजेक्शन नहीं था और हरिना देवी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पिथौरागढ़ ले जाते समय हरिना देवी की वड्डा के पास मौत हो गई।
व्यापार संघ पदाधिकारियों का कहना है कि घाटी वाले इस इलाके में सांप, बिच्छू जैसे जहरीले कीटों का आतंक रहता है, लेकिन अस्पताल में प्राथमिक इलाज तक की सुविधा नहीं है। लोगों ने घटना के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव जोशी, हितेश भट्ट, अतुल डिक्टिया, हिम्मत कुंवर, भीम सिंह गोबाड़ी, विरेंद्र सिंह, दीपक खेड़ा आदि थे।