पिथौरागढ़/डीडीहाट। पिथौरागढ़ तहसील के अंतर्गत शनिवार रात बारिश से दो मकान टूट गए, जबकि डीडीहाट के तहसील वार्ड में मकान टूटने से परिवार के लोग बाल-बाल बच गए।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ तहसील के दुर्गानगर में शंकर राम का मकान और लोदगाड़ बड़ावे में देवेंद्र चंद का मकान बारिश के दौरान टूट गया। दोनों परिवारों ने गांव में अन्य लोगों के मकानों में शरण ले रखी है। राजस्व पुलिस की टीम ने नुकसान का आकलन कर लिया है।
डीडीहाट नगर के तहसील वार्ड में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले जगत राम का एक मंजिला मकान शनिवार रात से हो रही तेज बारिश में भरभराकर गिर गया। मकान में रखा सारा सामान दब गया है। अलबत्ता परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। राजस्व उपनिरीक्षक विजय साह ने बताया कि मकान के पीछे का पूरा हिस्सा और छत टूट गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जगत राम को शीघ्र आपदा मद से राहत देने की मांग की है। उधर, बेड़ीनाग के बेलकोट गांव में शंकर सिंह कार्की, कौस्तुभानंद पांडे, गढ़तिर में बहादुर सिंह बोरा, अर्जुन बोरा के मकानों को भूकटाव का खतरा हो गया है।