नेपाल के बैतड़ी में अवैध चीनी के साथ पकड़ा गया ट्रक। संवाद
झूलाघाट(पिथौरागढ़)। भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों में चौकस सुरक्षा व्यवस्था के बीच सामान की तस्करी नहीं रुक रही है। तस्कर टायर ट्यूब के जरिए सामग्री को काली नदी से आर-पार पहुंचा रहे हैं। भारत से अवैध तरीके से नेपाल पहुंची 12 क्विंटल चीनी नेपाल प्रहरी ने पकड़ी है।
बैतड़ी, नेपाल के पुलिस प्रवक्ता बलराम पांडे ने बताया कि भारत के हल्दू, विनायक, रूम सगुन, ध्यान, और पंचेश्वर से काली नदी में कश्ती और ट्यूब के सहारे से सामान की तस्करी हो रही है। बताया कि बैतड़ी जिले के मैलोली नगरपालिका-7 के काडा बाजार में एक ट्रक से अवैध तरीके से बिना भंसार (नेपाली कस्टम) दिए नेपाल पहुंची 16 क्विंटल चीनी बरामद हुई। चालक पंचेश्वर गांव पालिका-3 दामोदर कलौंजी चीनी लाने का अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। चीनी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कस्टम विभाग के निरीक्षक दीपक मौर्या ने कहा कि भारत से नेपाल चीनी ले जाना प्रतिबंधित है।