पिथौरागढ़। विण विकासखंड के जीआईसी कुम्डार में तैनात भौतिक विज्ञान के अध्यापक दिनेश चंद्र भट्ट की शुरू की गई लक्ष्य छात्रवृत्ति जरूरतमंद बच्चों को बड़ी राहत पहुंचा रही है। विद्यालय में अध्ययनरत 12 विद्यार्थियों को अमेरिका के पोर्टलैंड निवासी भारतीय महिलाओं के समूह पोर्टलैंड पहाड़ी ग्रुप की ओर से 60 हजार रुपये की लक्ष्य छात्रवृत्ति प्राप्त हुई है।
शिक्षक भट्ट ने बताया कि वर्ष 2019 में उन्होंने इस छात्रवृत्ति योजना की शुरूआत की थी। अब तक जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत सैकड़ों बच्चे इससे लाभांवित हो चुके हैं। पोर्टलैंड पहाड़ी ग्रुप के सदस्यों शिखा मिश्रा, मेघना पंत, अनसूया नेगी, अक्षिता गर्ग, बबीता नौटियाल, वंदना जीना, निहारिका जीना, सोनिका असवाल, सुनीता साह, सुप्रिया कन्याल, तनुजा मलकानी ने इस वर्ष बच्चों के लिए यह छात्रवृत्ति प्रदान की है। प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने इस कार्य के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है। संवाद