पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद पर तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है। बेड़ीनाग नगर पंचायत में एक निर्दलीय ने नाम वापस लिया है। अब जिले के पांच निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 27 प्रत्याशी मैदान में हैं। पांचों निकायों के 48 वार्डों में से तीन में निर्विरोध निर्वाचन तय है। 45 वार्डों में 148 प्रत्याशी मैदान में हैं।
शनिवार को पिथौरागढ़ नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर भाजपा के बागी ललित पंत, गोपू महर और निर्दलीय भीम सिंह ने नाम वापस लिया। अध्यक्ष पद पर अब कांग्रेस के जगत सिंह खाती, भाजपा के राजेंद्र सिंह रावत समेत 8 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। 20 वार्डों में सभासदों के लिए 72 प्रत्याशी मैदान हैं।
बेड़ीनाग। बेड़ीनाग नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर निर्दलीय गोविंद पथनी ने भी नाम वापस ले लिया। अब अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के रवींद्र बोरा, भाजपा के महेश पंत, निर्दलीय हेम पंत, गोपाल पंत, प्रकाश बोरा, राजेंद्र कठायत, सुरेश टम्टा कुल सात प्रत्याशी मैदान में हैं। सात वार्डों में सभासद पद के लिए 23 प्रत्याशी मैदान में थे। बना वार्ड से नीमा देवी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। अब सभासद पद पर 22 लोग मैदान में हैं।
धारचूला। धारचूला नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 4 दावेदार मैदान में हैं। 7 वार्डों में सभासद पद के लिए 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। अकेली दावेदार होने के कारण विवेकानंद वार्ड में लीला कुंवर का निर्विरोध चुना जाना तय है।
गंगोलीहाट। गंगोलीहाट में अध्यक्ष पद पर किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। अध्यक्ष पद पर भाजपा, कांग्रेस समेत चार प्रत्याशी मैदान में हैं। सभासद पद पर बाजार वार्ड से भूपाल राम, हनेरा वार्ड से देवेंद्र सिंह, पुनौली वार्ड से प्रेमा देवी ने नाम वापस लिया। यहां 7 वार्डों में 22 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
डीडीहाट। डीडीहाट नगरपालिका में अध्यक्ष पद पर भाजपा, कांग्रेस समेत चार प्रत्याशी मैदान में हैं। शिव मंदिर वार्ड में भाजपा समर्थित दीवान सिंह शाही निर्विरोध सभासद चुने गए हैं। यहां 7 वार्डों में सभासद पद के लिए 15 दावेदार मैदान में हैं।