पिथौरागढ़/बेड़ीनाग। जिले के सबसे बड़े डिग्री कॉलेज समेत अन्य कॉलेजों में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। बेड़ीनाग में दो सितंबर को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे और अगले दिन नाम वापसी होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया पहली बार सरकारी पर्यवेक्षक की मौजूदगी में होगी।
महाविद्यालय में शुक्रवार को प्राचार्य डॉ. डीएस पांगती और चुनाव अधिकारी डॉ. अजय शुक्ला के निर्देशन में बैठक हुई। डॉ. शुक्ला ने बताया कि शनिवार को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली बार छात्रसंघ चुनाव सरकारी पर्यवेक्षक की निगरानी में होने हैं। पर्यवेक्षक की तैनाती के लिए डीएम को पत्र लिखा गया है। पर्यवेक्षक की तैनाती लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का उल्लंघन न हो, इसके लिए की जा रही है।
पिछले वर्षों तक छात्रसंघ चुनावों में पानी की तरह धन बहाया जाता था। साथ ही निजी और सरकारी भवनों पर पोस्टर-बैनर आदि लगा दिए जाते थे। इस बार इस पर अंकुश लग सकता है। उधर, बेड़ीनाग महाविद्यालय में भी शनिवार को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। चार सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। पांच सितंबर को सामान्य सभा और छह को मतदान होगा।
प्राचार्य डॉ. डीके पांडेय ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में चुनाव अधिकारी डॉ. जेएन पंत, हरिप्रसाद लोहिया, डॉ. एलपी वर्मा, डॉ. दीपा पाठक, डॉ. धीरज खाती, डॉ. प्रमोद कोठारी, डॉ. पीसी मठपाल आदि थे।
छात्रों ने रिमझिम बारिश के बीच किया प्रचार
पिथौरागढ़। छात्रसंघ चुनावों को लेकर संभावित दावेदारों और उनके समर्थकों में जबर्दस्त उत्साह बना है। उम्मीदवारों के समर्थकों ने शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच प्रचार किया। उम्मीदवारों ने अभी बैनर-पोस्टर तो तैयार नहीं किए हैं। अलबत्ता हाथों में तख्तियां लेकर उन्होंने नारेबाजी कर प्रचार किया।