पिथौरागढ़। धारचूला विधायक हरीश धामी ने देश के सभी ग्रामीण क्षेत्रों को विद्युतीकृत करने के प्रधानमंत्री मोदी के दावे को खोखला बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बिजली से विहीन सीमांत की जनता का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड और पिथौरागढ़ जिले को खुले में शौचमुक्त करने पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि इस साल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले हैं, उनसे पिथौरागढ़ से होते हुए यात्रा करने का अनुरोध किया जाएगा।
जिला पंचायत कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी गांवों में बिजली पहुंचने का दावा कर रहे हैं, लेकिन अब भी धारचूला विधानसभा क्षेत्र के व्यास, चौदांस, दारमा और मुनस्यारी के दर्जनों गांव बिजली से वंचित हैं। धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य तो जिला प्रशासन ने पिथौरागढ़ को खुले में शौच से मुक्त घोषित कर दिया है, लेकिन राज्य में हजारों और जिले में सैकड़ों परिवारों के पास शौचालय नहीं हैं।
नैनीताल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर धामी ने कहा कि वह नैनीताल से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। टिकट के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से समय मांगा गया है। वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विरेंद्र महरा, पीसीसी सदस्य दीपक लुंठी मौजूद थे।