धारचूला (पिथौरागढ़)। पुलिस ने 31 दिसंबर की रात पूरे नगर में कड़ा पहरा देने की योजना बनाई है। नशे की हालत में अराजकता फैलाने वालों, तेज गति से वाहन चलाने वालों को मौके पर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि नए साल के जश्न के नाम पर किसी को भी अशांति फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
इस बीच पुलिस ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और विवेकानंद विद्या मंदिर में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचने की जानकारी दी। कहा कि अपराधी फर्जी कॉल कर बैंक खातों की जानकारी हासिल कर लेते हैं और लोगों के बैंक खातों में सेंध लगा लेते हैं, जबकि कोई भी बैंक अपने खातेदार से उसके बैंक खाते की कभी कोई जानकारी नहीं मांगता।
थाना प्रभारी प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि 31 दिसंबर को शांति व्यवस्था के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। नगर में शाम से पुलिस की गश्त शुरू हो जाएगी और मोबाइल गश्ती टीम पूरे नगर में घूमेगी। नगर के बाहरी इलाकों में भी पुलिस की गश्त तेज की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नए साल का स्वागत शालीनता के साथ करें।
स्कूलों में हुए जागरूकता कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक पिंकी और सिपाही मेघा जोशी ने छात्राओं को रोजमर्रा के जिंदगी में घटित होने वाले अपराधों से सावधान रहने के तरीके बताए। व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम सभी विद्यालयों में चलाने की अपील की।