पिथौरागढ़। पालिका बोर्ड की बैठक में शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी की तिथि निर्धारित कर दी गई है। शरदोत्सव 18 नवंबर से देव सिंह मैदान में आयोजित किया जाएगा। पालिका बोर्ड ने स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था के संबंध में कई प्रस्ताव पारित किए।
बुधवार को पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती की अध्यक्षता में हुई बैठक में 16 अक्तूबर की बैठक में पारित प्रस्तावों की पुष्टि और अनुमोदन किया गया। साथ ही अक्तूबर के आय-व्यय का विवरण रखा गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 नवंबर से होने वाला शरदोत्सव देव सिंह मैदान में चल रही फुटबाल प्रतियोगिता के कारण अब 18 से 24 नवंबर तक होगा। शरदोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए स्थानीय सांस्कृतिक दलों के साथ ही बाहरी दलों को आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए दो पालियों में सफाई कार्य करने, गैंती, बेल्चा, बड्याठ आदि उपकरण खरीदने और शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में मौजूद दोनों सफाई निरीक्षकों को व्यवस्थित ढंग से सफाई करने के निर्देश दिए गए। तय हुआ कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सभासदों, मोहल्ला स्वच्छता समितियों के अध्यक्षों की उपस्थिति में मोहल्ला स्वच्छता कर्मियों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जो भी स्वच्छता कर्मी उपस्थित नहीं होगा, उसके स्थान पर दूसरे स्वच्छता कर्मी की तैनाती कर दी जाएगी।
सभासदों ने कहा कि जो भी स्वच्छता कर्मी पूरे महीने कार्य नहीं करता है, उसका वेतन रोक दिया जाए। बैठक में अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी, सभासद दिनेश सिंह सौन, चंद्रशेखर मखौलिया, विजेंद्र महर, भुवन चंद्र जोशी, विक्रम वाल्मीकि, ललित मोहन बसेड़ा, गंगोत्री दताल आदि मौजूद थे।
देवसिंह मैदान में ही शरदोत्सव कराया जाए
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पिथौरागढ़ में होने वाले शरदोत्सव को देव सिंह मैदान में ही कराने की मांग को लेकर सीमांत क्षेत्र के कलाकार भी लामबंद होने लगे हैं। लोक गायक चंद्र प्रकाश ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि पिथौरागढ़ का शरदोत्सव देव सिंह मैदान में कराने से ज्यादा लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे। यदि किसी अन्य मैदान में शरदोत्सव कराया जाएगा तो उसका लाभ दर्शकों को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी शरदोत्सव देव सिंह मैदान में ही आयोजित होते रहे हैं।
बाहरी व्यापारियों की दुकानें न लगे
पिथौरागढ़। नगर व्यापार मंडल महासचिव संतोष सिंह बिष्ट ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों की बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि व्यापार मंडल चाहता है कि नगर में शरदोत्सव का आयोजन होना चाहिए, लेकिन मेलास्थल में सरकारी दुकानों को छोड़कर पिथौरागढ़ से बाहर के व्यापारियों की दुकानें नहीं लगनी चाहिए। ऐसा होता है तो व्यापारी इसका विरोध करेंगे। नगर के व्यापारी जीएसटी से परेशान हैं और मंदी झेल रहे हैं। यदि बाहर के व्यापारियों की दुकानें शरदोत्सव में लगती हैं तो व्यापार मंडल इसका विरोध करेगा।