डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए अंतिम एवं 18वें दल ने भी कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की परिक्रमा पूरी कर ली है। यह दल वापसी में बृहस्पतिवार को तिब्बत के तकलाकोट पहुंच गया है। शुक्रवार को यह दल लिपुलेख दर्रा पार कर भारत में प्रवेश करेगा।
कैलाश मानसरोवर यात्रा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार कैलाश यात्रा के अंतिम 18वें दल के 33 सदस्यों ने परिक्रमा पूरी कर ली है। मालपा और मांगती में आई आपदा के चलते इस बार के अंतिम तीन दलों की यात्रा में थोड़ा विलंब हो गया था।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18वें दल को 8 सितंबर को दिल्ली पहुंच जाना था, लेकिन अब यह दल दस सितंबर को दिल्ली पहुंचेगा। इस बार 18 दलों में 919 सदस्य कैलाश पर्वत के दर्शन को निकले थे, लेकिन इनमें से आठ सदस्य स्वास्थ्य परीक्षण में अनफिट होने तथा बीमार होने के कारण यात्रा पूरी नहीं कर सके।