पिथौरागढ़। रसोई गैस की होम डिलीवरी न होने पर डीएम सी रविशंकर ने सख्त रुख अपनाया है। होम डिलीवरी न होने पर गैस सर्विस तिलढुकरी के प्रबंधक से सवा तीन महीने की होम डिलीवरी की रकम वसूलने के निर्देश दिए हैं। रकम की वसूली न होने पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
गैस सर्विस के लोगों द्वारा रसोई गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी न करने की शिकायत पर डीएम ने 10 जुलाई को कुमौड़ में गैस वितरण का जायजा लिया। गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए महिलाओं और अन्य उपभोक्ताओं की भीड़ लगी थी। महिलाएं सिर पर सिलेंडर ले जा रहीं थी। डीएम के पूछे जाने पर उन्होंने होम डिलीवरी न होने की बात बताई। कहा कि होम डिलीवरी की रकम गैस सर्विस के लोग वसूलते हैं।
डीएम ने कहा कि पूर्व में भी होम डिलीवरी करने के आदेश दिए गए थे, प्रबंधक गैस सर्विस ने आदेशों का पालन नहीं किया गया। गैस ढुलान ठेकेदार को अनैतिक रूप से लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसमें गैस प्रबंधक स्वयं भी लिप्त हैं। डीएम ने अप्रैल से अब तक की होम डिलीवरी की पूरी रकम गैस प्रबंधक के वेतन से वसूल करने के निर्देश दिए। कहा कि धनराशि वसूल नहीं की जाती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।