पिथौरागढ़। युवाओं में इको संस्कार विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने के लिए नव दंपतियों के परिणय पौधरोपण का क्रम जारी है। शुक्रवार को दोबांस गांव की दीप्ति का विवाह पुरान निवासी राजेंद्र के साथ हुआ। परिणय सूत्र में बंधने के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे राजकीय हाइस्कूल नैनीसैनी के प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक ने इन दोनों के हाथों परिणय पौधे का रोपण कराया।
दीप्ति ने विदाई के समय यह पौधा अपने माता-पिता को सौंपते हुए कहा कि इसकी देखभाल करें और इसका बेटी की तरह पालन-पोषण करें। राजेंद्र अधिवक्ता हैं और दीप्ति इस समय स्नातक की पढ़ाई कर रही है। दोनों ने इस अनूठे आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए सभी को आगे आना होगा।
मोहन पाठक अब तक 35 नव दंपतियों के हाथों परिणय पौधे का रोपण करा चुके हैं। इस दौरान गंगा जोशी, रमेश चंद्र जोशी, लीलाधर जोशी, किशोर पाठक, शैलजा पाठक, डा. सीबी जोशी आदि मौजूद थे।