बेड़ीनाग में महिलाओं ने एसडीएम को घेरा
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। भटीगांव जाने वाले रास्ते पर शराब की दुकान खुलने से आक्रोशित महिलाओं ने मंगलवार शाम एसडीएम विवेक प्रकाश का घेराव किया। सोमवार को पुलिस के समझाने के बाद महिलाओं ने आंदोलन समाप्त कर दिया था, लेकिन मंगलवार को महिलाएं फिर से विरोध पर उतर आई।
महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान तत्काल हटनी चाहिए। एसडीएम ने महिलाओं से साफ शब्दों में कहा कि दुकान पूरे मानकों के अनुसार खोली गई है। इसे शिफ्ट नहीं किया जा सकता। प्रशासन इतना वचन देता है कि इलाके में कोई अशांति नहीं होगी। इस पर बराबर नजर रखी जाएगी, लेकिन महिलाएं शराब की दुकान को हटाने पर अडिग हैं।
दुकान का विरोध करने वालों में रेखा देवी, विमला मेहरा, चंपा देवी, कमला देवी आदि ने कहा कि प्रशासन जानबूझकर ऐसा कर रहा है, इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक शांत इलाके में शराब की दुकान खोलने से अशांति बढ़ेगी और अपराध बढ़ेंगे। महिलाओं और बच्चों पर इसका गलत असर पड़ेगा।