मुनस्यारी में रसोई गैस का संकट गहराया
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सीमांत तहसील मुख्यालय मुनस्यारी में रसोईगैस का संकट गहरा गया है। यहां स्थित रसोईगैस गोदाम में सिलेंडर समाप्त हो गए हैं। पिछले एक सप्ताह से किसी भी उपभोक्ता को रसोईगैस का सिलेंडर नहीं मिल पाया है। बताया गया है कि गोदाम में पिछले एक महीने से रसोईगैस का वाहन नहीं पहुंचा।
अब तक जैसे तैसे काम चलाया जा रहा था लेकिन अब समस्या बेहद गंभीर हो चुकी है। पिछले साल तक 15 जून से पहले दो महीने का अग्रिम स्टाक मुनस्यारी गोदाम में रख दिया जाता था ताकि बारिश के मौसम में सड़क बंद होने की स्थिति में रसोईगैस की सप्लाई प्रभावित न हो लेकिन इस बार यहां बरसात शुरू होने से पहले से ही संकट की स्थिति है।
विधायक प्रतिनिधि ईश्वर कोरंगा ने कहा कि यदि रसोईगैस की सप्लाई सामान्य नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। दूसरी तरफ गैस एजेंसी के प्रबंधक योगेश कठायत ने कहा कि प्लांट से ही सप्लाई कम मिल रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि मुनस्यारी में रसोईगैस का संकट हो गया है। यदि बारिश से सड़क बंद होती है तो समस्या और गंभीर हो जाएगी।