गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। चौथे नवरात्र को आठ कुमाऊं रेजीमेंट ने अपनी आराध्य देवी आदि शक्ति महाकाली की विधि विधान से पूजा की।
8 कुमाऊं के कमांडिंग आफिसर कर्नल रुचिर पांडे के नेतृत्व में बटालियन के अधिकारियों, जवानों ने बटालियन की सुख समृद्धि और कुशलता के लिए मंदिर में पूजा-अर्चना और हवन किया। मंदिर के पुरोहित पंकज पंत ने बटालियन की पूजा, अर्चना संपन्न कराई। पूजा, हवन में बटालियन के सूबेदार मेजर मदन सिंह बिष्ट, सूबेदार राम सिंह, हवलदार राजेंद्र सिंह, लांस नायक जितेंद्र सिंह, लांस नायक नरेंद्र सिंह, सिपाही रमेश धामी मौजूद थे।
हवन के भंडारे का आयोजन किया गया। हाट कालिका के दरबार पर कुमाऊं रेजीमेंट की आस्था द्वितीय विश्व युद्ध से है। मान्यता है कि विश्व युद्ध में बंगाल की खाड़ी में सैनिकों से भरे एक डूबते जहाज को देवी ने ही बचाया था । मंदिर में अधिकांश निर्माण कुमाऊं रेजीमेंट की बटालियनों ने किए हैं। युद्ध में भी कुमाऊं रेजीमेंट के जवान कालिका माता का जयकारा लगाकर ही आगे बढ़ते हैं।