नाचनी/मुनस्यारी। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में वक्ताओं ने स्कूलों में घटती छात्र संख्या पर चिंता जताई। साथ ही 10 और इससे कम छात्र संख्या पर एकल शिक्षक रखने की नीति का विरोध किया।
ब्लॉक सभागार मुनस्यारी में आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि खंड शिक्षाधिकारी भानुप्रताप कुशवाहा ने शिक्षा के एकीकरण पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारी कार्यक्रमों की भी सराहना की। शिक्षकों ने रिक्तियों के सापेक्ष स्थानांतरण नहीं होने, ब्लॉक कैडर, समायोजन, समय पर पदोन्नतियां नहीं होने, वरीयता सूची जारी करने जैसी मांगें उठाई। ब्लॉक अध्यक्ष चंदन भैसोड़ा ने कहा कि डीएलएड और ब्रिज कोर्स पर संगठित रहकर ही वह अपनी बात सरकार से मनवा पाए।
जिला मंत्री जेपी वर्मा ने बताया कि ब्लॉक कैडर के मामले में सरकार शीघ्र ही निर्णय लेने वाली है। संघ जिलाध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संचालन रमेश जोशी ने किया। बैठक में भीम राम, देवेंद्र बथियाल, चंदन लाल वर्मा, विक्रम परिहार, त्रिलोचन जोशी, विमला द्विवेदी, मंजू रावत, हीरा महर, आनंद पांडेय, कुंदन राम, जोश सिंह, प्यारे लाल, जगदीश गहतोड़ी आदि थे।