मदकोट (पिथौरागढ़)। बंगापानी तहसील के रिंगू ग्राम के ग्रामीणों में सड़क कटिंग का मलबा मकानों और खेतों में डालने से आक्रोश पनप गया है। ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज मदकोट को ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट सौंप कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है।
ग्रामीण मुन्नी देवी, खीला देवी, बसंती, राजेंद्र सिंह, चंचल सिंह, भगत सिंह आदि ने रिपोर्ट में कहा है कि मदकोट से फापा मोटर मार्ग निर्माण कार्य चल रहा है।
इसमें किमी चार और पांच में ठेकेदार द्वारा सड़क कटिंग के दौरान निकले मलबे को उनके मकानों, नाप खेतों के ऊपर डाला जा रहा है। 30 नवंबर को भी जब मलबा डाला जा रहा था तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद भी ठेकेदार द्वारा मलबा डालने का कार्य नहीं रोका गया।
उन्होंने आरोप लगाया है कि ठेकेदार उन्हें जान से मारने के साथ ही और अधिक नुकसान करने की धमकी दे रहा है। उन्होंने पुलिस से ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षा देने की गुहार लगाई है।