पिथौरागढ़। एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राध्यापकों की कमी से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रसंघ ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर रिक्त पदों पर शीघ्र तैनाती की मांग उठाई है।
छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश जोशी के नेतृत्व में छात्रों ने शिक्षामंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। कहा कि जिले के सबसे बड़े कॉलेज में सीमांत के दुर्गम क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने आते हैं। वर्तमान में महाविद्यालय में करीब सात हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बावजूद इसके मानकों के अनुसार प्राध्यापकों की तैनाती नहीं की गई है।
कहा कि महाविद्यालय में प्राध्यापकों के 24 पद रिक्त हैं, इससे पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कहा कि हाल ही में किए गए स्थानांतरण में भी छह की जगह दो की ही नियुक्ति की गई है। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह भंडारी, उप सचिव भास्कर मनौला, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत आदि थे।