पिथौरागढ़/नाचनी। वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार की ओर से एकीकृत कृषि आदर्श ग्राम योजना बनाई गई है। योजनांतर्गत जिले के सीमांत विकास खंड मुनस्यारी के कोटा और धारचूला के ढुंगातोली गांव का चयन किया गया है। दोनों गांवों में किसानों के समूह बनाकर उनकी आर्थिकी में इजाफा करने वाली योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। कोटा गांव में किसानों की बैठक में उन्हें योजना के बारे में जानकारी दी गई।
मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि किसानों के स्वयं सहायता समूहों का रिवाल्विंग फंड बनाकर उन्हें धन दिलाया जाएगा। यदि कोई समूह डेयरी आदि व्यवसाय करना चाहता है तो बैंकों से ऋण दिलाया जाएगा। किसानों को यंत्र कृषि विभाग सब्सिडी पर देगा। किसानों ने कृषि, बागवानी, दुग्ध, शहद, सब्जी उत्पादन, मत्स्य पालन, तेजपात, बड़ी इलायची उत्पादन किए जाने आदि योजनाओं को रखा।
इस दौरान कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी डीडीहाट अनिल कुमार, उद्यान प्रभारी आशीष रंजन खर्कवाल, पशुपालन विभाग के जितेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी तारा सिंह मेहता, केवीके गैना के प्रभारी अधिकारी डॉ. जितेंद्र क्वात्रा, डॉ.अनिल सैनी, प्रधान कोटा विरेंद्र सिंह, चंद्र सिंह पंवार आदि थे।