बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर राष्ट्रीय शोक के बावजूद एक निजी स्कूल में खेलकूद और रंगारंग कार्यक्रम होने का मामला सोशल मीडिया में वायरल होने पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई। एसडीएम के निर्देश पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम बंद कराए।
चौकोड़ी के एक स्कूल में वॉलीबाल प्रतियोगिता और सातूं-आठूं महोत्सव के कार्यक्रम शुरू हुए थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी के निधन के बाद राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया। इन कार्यक्रमों का फेसबुक में लाइव और व्हाट्सएप में वायरल होने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई।
इस पर एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने थाना प्रभारी बलवंत कांबोज को कार्यक्रम रुकवाने के आदेश दिए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कार्यक्रम बंद किए गए। इस संबंध में विद्यालय के व्यवस्थापक दीपक भट्ट का कहना है कि उनके द्वारा पूर्व में ही कार्यक्रम बंद कर दिए गए थे। सोशल मीडिया में वायरल फोटो और वीडियो के संबंध में वह कोई जवाब नहीं दे पाए।