पिथौरागढ़/बेड़ीनाग/अस्कोट। अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं को नशा नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
जिला पंचायत सभागार में गोष्ठी का शुभारंभ जिलाधिकारी सी रविशंकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि समाज में नशा और नशीले पदार्थों के लगातार बढ़ता उपयोग गंभीर मामला है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता जताते हुए इस पर समय रहते प्रभावी अंकुश लगाने की बात कही। पुलिस उपाधीक्षक शेखर सुयाल ने कहा कि समाज में अवैध रूप से नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जाता है। नशा उन्मूलन के क्षेत्र में कार्य कर रहे शिक्षक डॉ. पीतांबर अवस्थी ने अपने विचार साझा किए। घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी और ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक के जरिये नशा नहीं करने का आह्वान किया। गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल, सीईओ वीपी सिमल्टी, उप प्रभागीय वनाधिकारी एके श्रीवास्तव, रेडक्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष ललित पंत, ग्रीन वैली स्कूल के प्रबंधक मनोज जोशी, हरेला सोसायटी के मनु डफाली, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट, डॉ. ललित भट्ट, विनिता सुतेड़ी, अजय ओली आदि मौजूद रहे।