झूलाघाट (पिथौरागढ़)। सीमांत क्षेत्र की संचार व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। धारचूला क्षेत्र में शुक्रवार से बीएसएनएल के सिंग्नल नहीं आ रहे है। सबसे ज्यादा परेशानी एसएसबी, पुलिस और व्यापारियों को हो रही है।
नेपाल सीमा पर बसे झूलाघाट कस्बे समेत दर्जनों गांवों को संचार सुविधा देने के लिए दूरसंचार विभाग ने मजिरकांडा में बीएसएनएल का टावर लगाया है। इस क्षेत्र में एक निजी कंपनी का भी टावर लगा है, वह भी 2 माह से बंद है। मजिरकांडा में लगे बीएसएनएल के टावर के सिग्नल पड़ोसी देश नेपाल में न जाए, इस वजह से टावरों की रेंज बहुत कम रखी गई है। सीमावर्ती कस्बा होने के कारण एसएसबी, पुलिस को रोज जिला मुख्यालय सूचना भेजनी होती है। सीमा पुल पर तैनात जवानों को समय-समय पर एक दूसरे से जानकारियां साझा करनी होती हैं।
सीमा पर लगे टावर पर 3000 से अधिक उपभोक्ताओं की निर्भरता है। लेकिन सिग्नल न होने से सभी को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। दूरसंचार विभाग के उपमंडलीय अभियंता अरविंद कुमार ने कहां कि मजिरकांडा टावर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए अल्मोड़ा से टीम आ रही है। एक-दो दिन में व्यवस्था सुचारु हो जाएगी।