पिथौरागढ़। खेल विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. धर्मेंद्र भट्ट ने मंगलवार को वड्डा के पास लेलू गांव में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर डॉ. भट्ट ने बताया कि मार्च तक कॉलेज के आवासीय भवन का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने भवन निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शेष काम जल्दी पूरा किया जाए, ताकि अगले सत्र से इसी कालेज में कक्षाओं का संचालन हो सके।
डॉ. भट्ट ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉलेज के भवन के लिए शासन ने 19.50 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें से आठ करोड़ की राशि अब तक यूपी निर्माण निगम को मिल चुकी है, इसमें से 6.73 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। अब तक भवन का 34 फीसदी काम पूरा हो पाया है। स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए लेलू गांव के लोगों ने अपनी करीब एक हजार नाली जमीन दी है। बाद में संयुक्त निदेशक ने स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया।
उन्होंने छात्रावास में रहने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। छात्रावास में भोजन, स्पोर्ट्स किट, अन्य व्यवस्थाओं के लिए जिला योजना की मद से 11 लाख रुपये की राशि मिली है। निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य भुवन चंद्र पंत, कै. धरम चंद, कै. देवी चंद, प्रो. जीत सिंह ज्याला, गोविंद सौन, सुरेंद्र बिष्ट आदि थे।