पिथौरागढ़। स्वीकृति के बाद भी बंगापानी-आलमदारमा सड़क का निर्माण कार्य शुरू न होने से क्षेत्र के लोगों में लोनिवि और सरकार के खिलाफ रोष है। सड़क निर्माण न होने पर लोगों ने आंदोलन की धमकी दी है।
गोरीछाल के सामाजिक कार्यकर्ता उमेश धामी, दारमा निवासी विजय सिंह धामी ने आलमदारमा सड़क का काम शुरू होने पर रोष जताते हुए कहा कि स्वीकृति के बाद भी सड़क नहीं बनना इलाके के लोगों के साथ अन्याय है। लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण न होने पर 9 नवंबर से आंदोलन की चेतावनी दी थी, लेकिन लोनिवि के अधिकारियों ने सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन देकर आंदोलन स्थगित करा दिया और सड़क का काम शुरू नहीं किया।
कहा कि सड़क नहीं बनने से आलम दारमा समेत कई गांवों को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों को मुख्य सड़क तक आने के लिए कई किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ती है। कहा कि क्षेत्र के लोगों को लामबंद कर सड़क का काम शुरू कराने के लिए आंदोलन किया जाएगा। इसकी तिथि ग्रामीणों के साथ बैठक कर तय की जाएगी। सड़क का काम पूरा होने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा।