थल (पिथौरागढ़)। सरकारी सस्ते-गल्ले की दुकानों से राशन वितरण में हो रही मनमानी के खिलाफ बृहस्पतिवार को वरिष्ठ नागरिकों ने पूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन में अनियमितताएं हो रही हैं। सरकारी स्तर पर इस अव्यवस्था को देखने वाला कोई नहीं है।
वरिष्ठ नागरिक कल्याणकारी समिति के अध्यक्ष दान सिंह देउपा के नेतृत्व में एकत्र लोगों ने कहा कि सरकारी सस्ते-गल्ले की दुकानों से पूरा राशन नहीं दिया जाता और कीमत भी मनमाने ढंग से वसूली जाती है। गोदामों से बिना तौले ही राशन को दुकानों में भेज दिया जाता है। इसके अलावा पिछले साल जुलाई और अगस्त का एपीएल कोटे का राशन कार्डधारकों को नहीं बांटा गया। अब तक भी यह राशन नहीं मिल पाया है।
देउपा ने कहा कि इन अव्यवस्थाओं की जानकारी डीएम और जिला पूर्ति अधिकारी को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वरिष्ठ नागरिकों ने इस तरह की अव्यवस्था के लिए सहायक खाद्य निरीक्षक को जिम्मेदार मानते हुए उनका तबादला करने की मांग की।
इधर, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन ने सहायक खाद्य निरीक्षक को पत्र लिखकर कहा कि सरकारी सस्ते-गल्ले की दुकानों से राशन वितरण में नियमों का पालन किया जाए। प्रदर्शन में लीलाधर भट्ट, विक्रम सामंत, राकेश देउपा, लक्ष्मण प्रसाद, जगदीश कुमार, दीपू कुमार, चंद्रबल्लभ पाठक, विशाल कार्की आदि थे।