पिथौरागढ़।
कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में इस बार से ड्रेस कोड लागू तो हो गया है, लेकिन प्रवेश का मामला अदालत में चले जाने के कारण अभी स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश नहीं हो पाए हैं। इस कारण कॉलेज में नए विद्यार्थियों का सत्र शुरू होने में अभी देरी है। कॉलेज प्रशासन अदालत के फैसले के इंतजार में है। उसके बाद ही प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को ड्रेस में आने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा। अभी यह तय नहीं है कि प्रवेश कब से शुरू होंगे।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस पांगती ने बताया कि ड्रेस कोड लागू करने के संबंध में पहले ही छात्रसंघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है। फिर भी कुछ छात्र संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। कॉलेज में ड्रेस कोड लागू करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने के बाद विद्यार्थी को निर्धारित ड्रेस में ही आना होगा। उन्होंने कहा कि एक अगस्त से सेमेस्टर प्रणाली वाली कक्षाओं का संचालन होने लगेगा। अभी हालांकि सेमेस्टर प्रणाली वाले अधिकांश कक्षाओं के परीक्षाफल नहीं आए हैं। डा. पांगती ने बताया कि अब कालेज की हर कक्षा में प्रवेश ऑनलाइन ही होंगे। इसके लिए विद्यार्थी को खुद ही आवेदन करना होगा।
आज से नियमित राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ कॉलेज में अब रोज सुबह 10:30 बजे राष्ट्रीय गान और अपराह्न में छुट्टी होते समय चार बजे राष्ट्रगीत होगा। प्राचार्य डॉ. डीएस पांगती ने बताया कि राष्ट्रगान का शुभारंभ मंगलवार को सुबह 10:30 बजे कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार से कॉलेजों में यह नियम लागू कर दिया गया है।
छात्र ड्रेस कोड का विरोध कर रहे हैं
पिथौरागढ़। आरंभ स्टडी सर्किल ने ड्रेस कोड लागू करने का विरोध किया है। आरंभ स्टडी सर्किल के महेंद्र, सोमेश, शिवम, पूनम, चेतना, नूतन आदि ने कहा है कि छात्राओं को जबर्दस्ती सूट, सलवार पहनने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि ड्रेस कोड का विरोध किया जाएगा और इस फैसले को वापस लेने के लिए कालेज प्रशासन को मजबूर किया जाएगा।