तीन गुना अधिक दाम पर बिक रही सब्जियां
धारचूला (पिथौरागढ़)। पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल कुमार आचार्य की ओर से थाने में बुलाई गई बैठक में आम लोगों ने कहा कि सीमांत के इस नगर में सब्जियों के रेट मनमाने हैं। सब्जी व्यापारी वास्तविक कीमत से तीन गुना ज्यादा की राशि वसूल लेते हैं। इसी तरह शराब को ज्यादा दाम पर बेचने का मामला भी उठाया गया। सीओ ने कहा कि मनमानी कीमत वसूलने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। हर व्यापारी को कीमतों की सूची लगानी होगी।
सीओ ने कहा कि धारचूला क्षेत्र में अराजकता फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शराब को ज्यादा कीमत पर बेचने के मामले में आबकारी अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। सीओ ने कहा कि कैलाश यात्रा सीजन होने के कारण इन दिनों पर्यटकों के संख्या में काफी वृद्धि हो रही है, ऐसे में नगर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था सख्ती से लागू की जाएगी तथा अनियमित तरीके से गाड़ी खड़ा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने कहा कि व्यापारी हर प्रकार से प्रशासन का सहयोग करेगा। थानाध्यक्ष ध्यान सिंह ने कहा कि अवैध खनन वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। बैठक में कैलाश रावत, जगदेव डोगरा, गुमान बिष्ट, लक्ष्मण कौशल, नवीन खर्कवाल, प्रकाश गुंज्याल आदि मौजूद थे।