अस्कोट (पिथौरागढ़)। बिजली लाइन में आई खराबी से अस्कोट क्षेत्र के 50 से ज्यादा गांव पूरी रात अंधेरे के आगोश में रहे। इसके चलते करीब 40 हजार लोगों को पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी। अगले दिन सुबह 11 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद ही व्यवस्था सामान्य हो सकी।
बृहस्पतिवार देर शाम सात बजे अंधड़ और बारिश से 11 केवीए लाइन में खराबी आ गई। ऐसे में अस्कोट कस्बे के साथ ही देवल, हिनकोट, खोलियागांव, रसगाड़ी, गर्खा, सिंगाली, भागीचौरा, बगड़ीहाट सहित आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
यूपीसीएल की टीम ने खराबी का पता लगाने में जंगलों की खाक छानी लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसे में क्षेत्र की बड़ी आबादी को अंधेरे में रात बिताने के लिए मजबूर होना पड़ा। शुक्रवार सुबह टीम ने बमुश्किल खराबी का पता लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की। 16 घंटे बाद आपूर्ति सुचारु होने पर लोगों को राहत मिली।
गर्मी से लोग रहे बेहाल
अस्कोट के साथ ही आसपास के गांव घाटी क्षेत्र में बसे हैं जहां इन दिनों गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। बारिश के बीच उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। इसी बीच बिजली गुल रहने से लोगों की दिक्कत बढ़ गई। कूलर, पंखे शोपीस बने रहे और लोग गर्मी से बेहाल रहे। वहीं फ्रिज बंद होने से दुकानों में रखी आइसक्रीम भी पिघल गई इससे कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा है। अस्कोट के व्यापारी रमेश पाल ने बताया कि पूर्व में लाइन सुधारीकरण के नाम पर बिजली कटौती होने से नुकसान झेलना पड़ा था। अब आए दिन में लाइन में खराबी आने से हमारी परेशानी बढ़ रही है।
............
अंधड़ और बारिश से लाइन में फॉल्ट आ गया था जिसे दूर कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
-आलोक त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी, यूपीसीएल, अस्कोट