पिथौरागढ़। सीमांत में आपातकालीन 108 सेवा लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। किसी भी आपात परिस्थिति में आपातकालीन सेवा ने मरीज को समय से अस्पताल पहुंचाकर लोगों को राहत पहुंचाई। मई 2019 से सितंबर 2020 तक सीमांत जिले में 11396 लोगों ने सेवा का लाभ लिया। इसमें सर्वाधिक सड़क दुर्घटना और प्रसव के मामले शामिल रहे।
मानसूनकाल हो या सर्दी, गर्मी का मौसम आपातकालीन सेवा 108 समय पर पहुंचकर लोगों को राहत पहुंचा रही है। सितंबर 2019 से अब तक आपातकालीन सेवा ने प्रसव संबंधी 3969 महिलाओं को समय से अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान 61 महिलाओं के एंबुलेंस में फार्मासिस्ट और चालक ने सुरक्षित प्रसव कराकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। सड़क दुर्घटना में घायल 306 लोगों को समय से अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई। इसके अलावा हृदय रोग संबंधी 309 लोगों को अस्पताल पहुंचाया। 296 नवजात शिशु के बीमार होने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। श्वास रोग संबंधी 688 लोगों को अस्पताल पहुंचाकर उनका उपचार कराया। इसके अलावा 108 आपातकालीन सेवा ने 5807 मामलों में समय से पहुंचकर लोगों को राहत पहुंचाई। लोगों ने आपातकालीन सेवा 108 के कार्यों की सराहनी की है।
किसी भी आपातकाल में लोगों को राहत मिले इसके लिए 108 कर्मी तत्पर रहते हैं। हमारी पूरी टीम जिले भर में सराहनीय कार्य कर रही है। लोगों को समय से सेवा का लाभ मिले इसी के प्रयास रहते हैं।
- परमानंद पंत, डीपीओ 108 पिथौरागढ़।