पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में यातायात में बाधक बने विद्युत पोलों को हटाने का काम शुरू हो गया है। इसके चलते लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
नगर में वाहनों का दबाव बढ़ने से आए दिन जाम की स्थिति रहती है। पिछले कई वर्षों से यातायात में बाधक बने सड़क किनारे लगे विद्युत पोलों को चिह्नित किया गया था। अब विद्युत विभाग ने रविवार से इन पोलों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता नितिन गर्खाल ने बताया कि नगर क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर चिह्नित 15 पोलों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी पोलों को हटाकर दूसरी जगह लगाने और तार बदलने में एक हफ्ते का समय लग सकता है। सोमवार को बैंक रोड से पोल हटाए गए।
इसके चलते सुबह 10 बजे से ही बिजली गुल हो गई। बिजली गुल रहने से इलेक्ट्रानिक, फोटो मशीन, कामन सर्विस सेंटर, कंप्यूटर का कार्य करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।