पिथौरागढ़। 24 से 29 दिसंबर तक पिथौरागढ़ में होने वाली सेना भर्ती की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सेना भर्ती जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल में संपन्न होगी। अलग-अलग तहसीलों के युवाओं की अलग-अलग दिन भर्ती होगी।
सेना भर्ती कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों की सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भारतीय सेना की वेबसाइट पर 25 अक्तूबर से 8 दिसंबर तक किए गए। पंजीकरण के उपरांत रैली का कार्यक्रम तैयार किया गया है। 24 दिसंबर को चंपावत के तहसील पाटी और लोहाघाट, 25 को तहसील चंपावत, पूर्णागिरि, बाराकोट के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
26 दिसंबर को पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी, धारचूला, डीडीहाट और देवलथल के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 27 दिसंबर को तहसील बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, गणाईगंगोली, थल, कनालीछीना और बंगापानी तहसील के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 दिसंबर को पिथौरागढ़ तहसील के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 29 दिसंबर को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों की धर्मगुरु (आरटीजेसीओ) के लिए भर्ती होगी। बताया गया है कि अभ्यर्थी सेना की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड करने के साथ ही भर्ती के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।