झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल पश्चिमांचल के बैतड़ी जिले का विख्यात त्रिपुरा सुंदरी मेला 15 नवंबर से शुरू होगा। मुख्य मेला (जात) अगले दिन होगी। इस दिन पशुओं की बलि दी जाएगी। मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मेला कमेटी ने मंदिर परिसर में शराब और तंबाकू का सेवन वर्जित कर दिया है।
नेपाल के प्रदेश नंबर सात के बैतड़ी जिला द्योल नामक स्थान में लगने वाला प्रसिद्ध त्रिपुरा सुंदरी मेला बृहस्पतिवार को छोटी जात से शुरू होगा। मुख्य मेला अगले दिन शुक्रवार को बड़ी जात के साथ होगा।
मेला संयोजक किशन सिंह थापा ने बताया कि मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरे मेला परिसर को मद्यपान निषेध करने के लिए बैतड़ी प्रहरी विभाग से अनुरोध किया गया है।
मेले में सुरक्षा के लिए पहली बार एपीएफ (सशस्त्र प्रहरी बल) तैनात होगा। मेले में नेपाल के साथ ही भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग पूजा के लिए आते हैं। मेले की कमान युवा वालिंटियर प्रकाश थापा को दी गई है। उनके नेतृत्व में टीम मेलार्थियों को पानी और जरूरी सामान उपलब्ध कराएगी।