धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों में फंसे लोगों के लिए हेलीकाप्टर से भेजा गया राशन अभी तक बंटा नहीं है। इसकी वजह बेहद मामूली है। बताया जा रहा है कि भेजे गए सामान का रेट तय नहीं होने से इसे बांटा नहीं जा रहा है। इसके चलते वहां पर रह रहे लोग खाद्यान्न सहित अन्य जरूरी सामान की कमी से जूझ रहे हैं। सीमांत के लोगों में इसे लेकर बेहद नाराजगी है।
माइग्रेशन पर गए व्यास घाटी के गांवों के एक हजार से अधिक लोग वहीं फंसे हैं। इन गांवों में रह रहे लोगों के पास पर्याप्त मात्रा में खाने को राशन तक नहीं है। इस मामले में सीमांत के सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र बुदियाल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
हाईकोर्ट के निर्देश पर सरकार ने 14 अक्तूबर को हेलीकॉप्टर से गुंजी, गर्ब्यांग और बूंदी के लिए गेहूं, रिफाइंड, नमक, दाल, मसाले, दूध पाउडर और चाय से लेकर चीनी तक पहुंचाई गई थी। इस सामग्री को सस्ता गल्ला की दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाना है। बताया जा रहा है कि मूल्य तय नहीं होने से यह सामग्री अभी तक बंट नहीं पाई है।
गांवों में पहुंचाया गया राशन सस्ता गल्ला की दुकानों में डंप पड़ा है। समान रूप से वितरण भी नहीं किया गया है। कहीं पर केवल दाल भेजी गई है तो कहीं चावल नहीं भेजा गया है। शीघ्र खाद्यान्न का वितरण होना चाहिए।
विजय गर्ब्याल, क्षेत्र पंचायत सदस्य
धारचूला से उच्च हिमालयी क्षेत्र के गांवों के लिए भेजे गए खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामान के साथ मूल्य की जानकारी भेज दी गई थी। सामान सस्ता गल्ला की दुकानों के माध्यम से बांटा जाना है। खरीद के रेट से ही वहां पर खाद्यान्न और अन्य सामान बेचा जाएगा। लोग गांवों से आकर अपनी जरूरत के हिसाब से खाद्यान्न ले जाएंगे। धारचूला में तैनात सहायक पूर्ति निरीक्षक की सूचना के आधार पर वहां पर खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। - मनोज वर्मन जिला पूर्ति अधिकारी, पिथौरागढ़।
कहां कितनी सामग्री भेजी गई
सामग्री गुंजी गर्ब्यांग बूंदी गांव
गेहूं 7 क्विंटल 5 क्विंटल 1.5 क्विंटल
रिफाइंड तेल 72 लीटर 40 लीटर 36 लीटर
नमक 1 क्विंटल 50 किलोग्राम 50 किलोग्राम
दाल 1.20 क्विंटल 60 किलोग्राम 60 किलोग्राम
मसाले 6 किलो 2 किलोग्राम 2 किलोग्राम
दूध पाउडर 6 किलो 3.5 किलोग्राम 4 किलोग्राम
चीनी 1 क्विंटल 1 क्विंटल 1 क्विंटल
चायपत्ती 5 किलो 3.5 किलोग्राम 4 किलोग्राम
प्याज 20 किलोग्राम 20 किलोग्राम 20 किलोग्राम
माचिस 100 डिबिया