पिथौरागढ़/गंगोलीहाट/अस्कोट/थल। सावन के पहले सोमवार को जिले के शिवधामों में भक्तों का तांता लगा रहा। शिव धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे।
जिला मुख्यालय के घंटेश्वर महादेव, सेरादेवल मंदिर, थलकेदार, कपिलेश्वर, रई गुफा, गंगोलीहाट के रामेश्वर, पाताल भुवनेश्वर, लंबकेश्वर, शैलेश्वर, बेड़ीनाग के कोटेश्वर, थल के बालीश्वर महादेव, डीडीहाट के मलयनाथ, अस्कोट के मल्लिकार्जुन महादेव, हुस्केर देव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
लोगों ने आराध्यदेव भगवान शंकर का पूजन, वंदन कर आशीर्वाद मांगा। जलाभिषेक किया गया। थल में हरिद्वार से कांवड़ यात्रा के जरिए लाया गया गंगा जल भगवान शंकर को अर्पित किया गया। अस्कोट के मल्लिकार्जुन मंदिर में पंडित एनडी पंत ने, हुस्केर देव मंदिर पंडित मथुरा दत्त ओझा ने पूजा-अर्चना कराई।