पिथौरागढ़। फीस बढ़ोतरी का विरोध करने पर एक स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को टीसी कटवाने की धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। तमाम अभिभावकों ने इस मामले में कार्रवाई को लेकर पेरेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
पेरेंट्स एसोसिएशन के संरक्षक विक्रांत पुनेड़ा के नेतृत्व में जनता दरबार पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली जा रही है। इस मामले को उठाने पर एक स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को बच्चों को स्कूल से निकालकर ले जाने की धमकी दे रहा है।
जांच के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल वाहन के रूप में संचालित वाहनों में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिकायत पर प्रभारी जिलाधिकारी वंदना ने जांच रिपोर्ट मंगाकर इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। डीएम से मिलने और प्रदर्शन करने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी, कमला बोरा, पंकज पाठक, विनीता गोस्वामी, होशियार बोरा, सुनीता चड्ढा, गीता जोशी, नीमा, सुनीता खाती, ज्योति कन्याल, सुनीता बिष्ट, निर्मला भंडारी, नेहा जोशी, हेमा जोशी, कुसुरम बोरा, इंद्रा देवी, विवेक बिष्ट, तृप्ति पाठक आदि शामिल थे।