डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर यात्रा के चौथे दल की जुंजीपू (चीन) में कैलाश परिक्रमा शुरू हो गई है। तीसरे दल के यात्री तकलाकोट से गुंजी की ओर रवाना हो गए हैं। पांचवें दल के 59 यात्री भगवान भोलेनाथ के धाम के दर्शन को गुंजी से कालापानी पहुंच गए हैं। छठे दल के यात्रियों का शनिवार को गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार पांचवें दल के यात्री शुक्रवार तड़के गुंजी से कालापानी को रवाना हुए। इस दल के 31 यात्रियों को उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम खराब होने के चलते पांच दिन पिथौरागढ़ में ही रोका गया था, जबकि 28 यात्री गुंजी पहुंच गए थे। यात्रियों को शुक्रवार को ही लिपुलेख पास पार करना था। अब यात्री आठ जून को लिपुलेख पास से तकलाकोट में प्रवेश करेंगे।
चौथे दल के यात्रियों की कैलाश परिक्रमा शुरू हो गई है। तीसरे दल के यात्रियों को शुक्रवार को लिपुलेख पास पर चीनी सुरक्षा एजेंसियों ने आईटीबीपी कमांडो दस्ता, मेडिकल और संचार टीम के सुपुर्द किया। यात्रा का छठा दल अभी नाभी गांव में है। यात्रियों का शनिवार को गुंजी वापस आने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। स्वस्थ पाए जाने पर ही यात्रियों को आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी।