पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के कई हिस्सों में शनिवार शाम करीब 6.32 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, इससे लोगों में दहशत फैल गई। मुनस्यारी, मदकोट, बलुवाकोट, नाचनी में भूकंप के झटके करीब पांच सेकेंड तक महसूस किए गए, जबकि जिला मुख्यालय और डीडीहाट में लोगों को तीन से चार सेकेंड तक इन झटकों का आभास हुआ।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी आरएस राणा ने बताया कि भूकंप का केंद्र मुनस्यारी तहसील से उत्तर दिशा की तरफ था। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.3 आंकी गई। बताया कि जिले के सभी तहसीलों और पुलिस थानों से मिली रिपोर्ट के अनुसार भूकंप से किसी भी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है। बताया कि पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। मुनस्यारी में झटका ज्यादा महसूस किया गया।
शाम के समय भूकंप आते ही लोग घरों से बाहर निकाल आए। मदकोट में भी पांच से छह सेकेंड तक भूकंप महसूस होने से लोगों में दहशत फैल गई। जिला मुख्यालय में मकानों की तीसरी, चौथी मंजिलों में रहने वालों को हल्के झटके का आभास हुआ।