पिथौरागढ़। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारी तीन दिनी कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। उन्होंने 10, 16, और 20 वर्ष की सेवा के बाद प्रोन्नत वेतनमान देने, वर्ष 2005 से पहले की पेंशन व्यवस्था लागू करने समेत 22 सूत्री मांगे शासन के समक्ष रखी हैं।
परिषद के जिलाध्यक्ष केसी पंत के नेतृत्व में रामलीला मैदान टकाना में एकत्र कर्मचारियों ने मांगों के संबंध में नारेबाजी की। पंत की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार केंद्र समान भत्ते देने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समस्त भुगतान करने, विभागों के एकीकरण की कार्यवाही बंद करने आदि मांगों पर गौर नहीं कर रही है। कहा कि प्रशासन नियमों के विपरीत कार्मिकों से मूल कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्य करा रहा है। अवकाश की अवधि में बैठकें आयोजित कर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। कहा कि इस बात पर निकट भविष्य में स्थानीय विधायक प्रदेश के वित्त मंत्री प्रकाश पंत के सामने विरोध जताया जाएगा।
पीके भट्ट के संचालन में हुई सभा में घनश्याम जोशी, दीपक कुमार भट्ट, बसंत पांडे, डा. विनीता सिंह, शोबन सिंह धर्मशक्तू, तारा दत्त पंत, एमएस ऐरी, शमशेर सिंह महर, प्रकाश पांडे, मुकेश पंत, राखी चंद, शबनम कुरैशी, कर्णप्रिया महर आदि ने विचार रखे।