पिथौरागढ़। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने मासिक स्टाफ बैठक में अवैध शराब और खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए इस पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए पुलिस और आबकारी विभाग को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के साथ ही नगर के होटलों में चल रहे अवैध शराब के धंधे में रोक लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने बच्चों को ड्रग्स बेचने पर सख्ती से रोक लगाने को कहा। कहा कि प्रत्येक शराब की दुकान पर मूल्य सूची चस्पा की जाए।
जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में मातहतों को लंबित मुकदमों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा। जिलाधिकारी ने नगरपालिका में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी को निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सफाई अभियान को व्यवस्थित करने के साथ ही समय पर कूड़ा निस्तारण करने और पथ प्रकाश व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को वाहन दुर्घटनाओं में रोकथाम के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि रात 8 से सुबह 5 बजे तक वाहनों का संचालन किसी भी हालत में नहीं होना चाहिए।
उन्होंने पूर्ति विभाग को धारचूला और मुनस्यारी के दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर राशन पहुंचाने, पेट्रोल पंपों में कैशलेस प्रणाली से भुगतान की व्यवस्था करने, राजस्व वसूली कम होने पर नाराजगी जताते हुए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। सरकारी कार्यालयों में बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी लगाने के संबंध में बताया गया कि जिले में 36 विभागों में बायोमैट्रिक प्रणाली से हाजिरी लगाई जा रही है। 18 विभागों में आईडी प्राप्त नहीं हुई है।