जिला मुख्यालय में आगामी 20 सितंबर को कर्मचारी बड़ी रैली के आयोजन को लेकर लामबंद हो रहे हैं जिसको लेकर उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के समर्थन में बड़ी संख्या में कर्मचारी संगठन आए हैं।
मंगलवार को विकास भवन सभागार में उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति की बैठक हुई। समिति के प्रांतीय संयोजक सचिव मुकेश बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड में राज्य कार्मिकों का ग्रेड-पे घटाया गया है, जो पूरी तरह अन्याय है। समिति पुरानी पेंशन बहाली, विभिन्न विभागीय संवर्गों की वेतन विसंगति दूर किए जाने, विभागों के ढांचे का पुनर्गठन किए जाने, लंबित सेवा संवर्गों की प्रदोन्नतियों पर कार्रवाई सहित 20 सूत्री मांगों के समाधान की मांग कर रही है। इस मौके पर मुख्य संयोजक सोहन सिंह रावत, संयोजक सचिव संजय नेगी, पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के मंडल अध्यक्ष आशुतोष सेमवाल, प्रदीप घिल्डियाल, जयपाल, सीताराम पोखरियाल, रोहित सजवान, दरबान सिंह, जगबीर सिंह रौथाण आदि मौजूद थे।