लॉकडाउन के दौरान अपने घर लौट गए अन्य प्रदेशों के मजदूरों की वापसी शुरू हो गयी है, लेकिन इसी बीच अब मजदूरों के क्वारंटीन के नियमों को तोड़ने की शिकायत मिल रही है। दूसरी ओर तहसील प्रशासन का कहना है कि मजदूरों को नियमानुसार क्वांरटीन किया जा रहा है। यदि कोई इस दौरान काम करते हुए पाया जाता है, तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका सभासद विभोर बहुगुणा ने बताया कि बिहार मूल के ठेकेदार काम के लिए मजदूरों को बुला रहे हैं। कुछ स्थानों में बिहार के मजदूर बिना प्रशासन को बताए काम कर रहे हैं। कतिपय मकान मालिकों ने भी उनके लौटने की सूचना प्रशासन को नहीं दी। इधर, तहसीलदार सुनील राज ने बताया कि सूचना मिलने पर बाहरी प्रदेशों से आ रहे लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। ठेकेदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि मजदूरों को क्वारंटीन करें।