हिंडोलाखाल क्षेत्र के अंतर्गत जामणीखाल- छड़ियारा मोटर मार्ग पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि ट्रक में सवार दो सगे भाईयों सहित चालक गंभीर घायल हो गया। पुलिस व ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकाल कर सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) हिंडोला खाल में भर्ती कराया है।
थाना प्रभारी हिंडोलाखाल जयप्रकाश कोहली ने बताया कि रविवार सुबह करीब दस बजे छड़ियारा से जामणीखाल आ रहा ट्रक चंद्रबदनी मोड़ से एक किलोमीटर पहले बेकाबू होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया। ट्रक में चालक समेत चार लोग सवार थे। दुर्घटना में 75 वर्षीय नोरतु पुत्र फलानु ग्राम छडियारा पट्टी पौडीखाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि ट्रक में सवार दो सगे भाई 28 धर्मेंद्र सिंह व भूपेंद्र सिंह निवासी ग्राम जोगियाणा ( टिहरी) और चालक रघुवीर सिंह राणा निवासी तल्याकोट पट्टी हिसरियाखाल गंभीर घायल हो गए। ब्यूरो
कार खाई में गिरी, दो गंभीर घायल
धुमाकोट। धुमाकोट तहसील के अंतर्गत दिगोलीखाल-गोलीखाल मोटर मार्ग पर रविवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए काशीपुर अस्पताल ले जाया गया है। जबकि अन्य दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पटवारी सर्किल गुजडू-4 के राजस्व उपनिरीक्षक बीएस गुसाईं ने बताया कि रविवार सुबह ग्यारह बजे सैंडली मल्ली से गोलीखाल जा रही एक कार सैंडली मल्ली गांव की पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 20 मीटर नीचे खाई में जारी गिरी। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाल सड़क तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में वाहन चालक मनीष रावत (32) पुत्र उम्मेद सिंह रावत, उसका भाई सिद्धार्थ रावत (28) दोनों निवासी ग्राम सैंडली मल्ली, योगेश रावत (24) पुत्र ग्राम देवताखेत पट्टी गुजडू और सूरज रावत (15) पुत्र विक्रम सिंह रावत निवासी ग्राम जमरिया पट्टी खाटली तहसील बीरोंखाल घायल हो गए। घायलों में सिद्धार्थ रावत और योगेश रावत की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें काशीपुर अस्पताल ले गए हैं, जबकि मनीष और सूरज को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। संवाद