श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय में पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग श्रीनगर, उत्तरकाशी और कौड़ियाला में अत्याधुनिक ट्राॅमा सेंटर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को गोल्डन आवर के भीतर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय जनता के लिए भी जीवनरक्षक साबित होंगे।
रविवार देर सायं मेडिकल कॉलेज में निर्माण कार्यों के शिलान्यास के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पलायन रोकना आज राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से अत्यंत आवश्यक हो गया है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में परिसीमन के चलते पर्वतीय क्षेत्रों की सीटें कम हो जाएंगी। इससे विधानसभा व लोक सभा में नेतृत्व कम होने से लोगों के सामने कई दिक्कतें आ सकती हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से पलायन रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने बेस अस्पताल श्रीनगर में आने वाले मरीजों के तीमारदारों की सुविधा के लिए 100 कमरों वाला आधुनिक रेन बसेरा बनाए जाने की बात भी कही। इसके बाद उन्होंने कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत के साथ गुलदार के हमले में घायल अस्पताल में भर्ती ओणी गांव निवासी विनीता देवी के स्वास्थ्य का हालचाल जाना व डॉक्टरों को महिला के बेहतर उपचार के निर्देश देते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। वह अस्पताल में भर्ती दीपक उनियाल की माता से भी मिले। इस दौरान उन्होंने परिजनों को भी ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।