पौड़ी। मुख्यालय पौड़ी में शनिवार को अजीबोगरीब घटना देखने को मिली। कोतवाली के ठीक सामने एक महिला मोटर मार्ग पर लेट गई। इससे करीब आधा घंटा यातायात बाधित रहा, लेकिन 100 मीटर पर कोतवाली होने के बावजूद मात्र एक महिला कांस्टेबल लेटी महिला को उठाने पहुंची, लेकिन उसके उग्र देवर देख महिला कांस्टेबल कुछ नहीं कर पाई। सीओ सदर के हस्तक्षेप के बाद महिला को कोतवाली पहुंचाया गया।
शनिवार शाम करीब पांच बचे कोतवाली पौड़ी के सामने पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर एक महिला लेट गई। इससे मोटर मार्ग पर यातायात आधे घंटे बाधित रहा। बताया जा रहा है कि महिला ने कोतवाली पौड़ी में कई महीने पहले शिकायतपत्र दिया था। इस पर कार्रवाई नहीं होने से वह आक्रोशित है। मामले की सूचना पर सीओ सदर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने महिला को किसी तरह समझा-बुझाकर कोतवाली भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीआईपी ड्यूटी व बैठक होने के चलते पुलिस जवान कम थे, लेकिन चीता की टीम घटनास्थल पर भेज दी गई थी, जबकि प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि घटनास्थल पर मात्र एक महिला कांस्टेबल ही थी। सीओ सदर अनिल कुमार जोशी ने बताया कि महिला ने कुछ माह पहले कोतवाली में कोई शिकायत दी थी। इसको लेकर वह मोटर मार्ग पर लेट गई। उन्होंने बताया कि महिला ने शिकायत में एक दर्जन से अधिक लोगों के पैसे लेकर नहीं लौटने की शिकायत की है।