श्रीनगर। गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए वाईफाई के कमजोर सिग्नल परेशानी का कारण बन रहे हैं। छात्रों का कहना है कि लाइब्रेरी, हॉस्टल व परिसर में नेटवर्क की दिक्कत होने से उन्हें इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
छात्रसंघ उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल का कहन है कि वाई-फाई के सुचारु सुविधा होने से छात्रों को अपने अकादमिक कार्यों में बड़ी समस्याएं हो रही है। वीरेंद्र बिष्ट का कहना है कि बिड़ला परिसर के अलकनंदा महिला छात्रावास में न तो नेटवर्क चल रहा है न ही वाईफाई की सुविधा मिल रही है। छात्र-छात्राओं को हर समय पर मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
छात्रा सोनिया का कहना है कि विवि में छात्र-छात्राएं लंबे समय से वाई-फाई की समस्या का सामना कर रहे हैं। दिव्या राणा का कहना है कि वाई-फाई की सुविधा सुचारू नहीं होने से भारी परेशानियां हो रही हैं। कनेक्ट करते ही यह डिस्कनेक्ट हो जाता है। सीनियर तकनीकी ललित टम्टा का कहना है कि वाई-फाई की तकनीकी दिक्कत के कारण यह समस्या आ रही है। इसका समाधान कराया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को विवि द्वारा दी जाने वाली इस सुविधा का पूरा लाभ मिले इसका प्रयास किया जा रहा है। संवाद