बीजीआर परिसर के छात्र संघ समारोह का आयोजन, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हुए शामिल
समारोह में गढ़-कुमाऊं गीतों पर छात्रों संग जमकर थिरके डाॅ. हरक सिंह रात
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। एचएनबी गढ़वाल केेंद्रीय विवि के बीजीआर परिसर का छात्र संघ समारोह रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लोकगायक दीपक कुमार व जितेंद्र पहाड़ी ने सांस्कृतिक और कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सतरंगी छटा पर कांग्रेस नेता डाॅ. हरक सिंह रावत भी जमकर झूमे। समारोह में शामिल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मंडल मुख्यालय पौड़ी को पुराने स्वरूप में लाने के लिए कांग्रेस एकजुट होकर काम करेगी।
बृहस्पतिवार को परिसर में छात्रसंघ समारोह में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव में इस बार एनएसयूआई के प्रत्याशियों ने शानदार जीत हासिल दर्ज की है। लक्ष्य निर्धारित करने वाले छात्र-छात्राओं को हर हाल में सफलता मिलती है। कहा कि राज्य गठन के बाद मंडल मुख्यालय पौड़ी की सबसे अधिक उपेक्षा हुई है। मुख्यालय में स्थापित पलायन आयोग ही पौड़ी से पलायन कर गया है। हम संकल्प लेते हैं कि नई संभावनाओं के आधार पर मंडल मुख्यालय पौड़ी को पुराने स्वरूप में लाने के लिए कांग्रेस एकजुट होकर काम करेगी। विशिष्ट अतिथि कांग्रेस नेता डाॅ. हरक सिंह रावत ने युवावस्था के अपने अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को कड़ी मेहनत के साथ पठन-पाठन करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में लोकगायक दीपक कुमार व जितेंद्र पहाड़ी ने सांस्कृतिक और कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। गढ़-कुमाऊं के गीतों पर छात्र-छात्राओं के साथ डॉ. हरक सिंह रावत ने भी जमकर ठुमके लगाए। इस मौके पर परिसर निदेशक प्रो.यूसी गैरोला, कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष चिराग गुसाईं, सचिव हर्षबर्धन जैन, उपाध्यक्ष मानसी डंगवाल, सहसचिव दीपांजल टम्टा, कोषाध्यक्ष सुमित कुमार, विवि प्रतिनिधि अखिल रावत, छात्रा प्रतिनिधि पूनम बुटोला, दुर्गा खंकरियाल, आदि शामिल रहे।