सरकार पर लगाया ठोस कदम नहीं उठाने का आरोप
श्रीनगर। आइसा छात्र संगठन से जुड़े एवं गढ़वाल विवि के छात्रों ने पहाड़ों में लगातार बढ़ रही गुलदार व भालू के हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने सरकार की ओर से जंगली जानवरों से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर विरोध प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में जंगली जानवरों के भय से रहना मुश्किल हो गया है। लोग इसके कारण पलायन को मजबूर हो रहे हैं।
गोला पार्क में हुए कार्यक्रम में बिड़ला परिसर छात्रसंघ उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल ने कहा कि श्रीनगर में ही अंधेरा होते ही गुलदार आवासीय मोहल्लों में धमक जा रहा है। अभी हाल ही में खंडाह के समीप कोटी गांव में एक महिला को गुलदार ने मार दिया जबकि नयालगढ़ में भी कई दिनों से गायब एक व्यक्ति को गुलदार द्वारा निवाला बनाए जाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि पहाड़ में भालू की भी दहशत बनी हुई है।
भालू भी लोगों पर हमला कर रहा है। सुअर और बंदरों से भी लोग परेशान हैं। उन्होंने श्रीनगर में वन चौकी खोले जाने जहां गुलदार सक्रिय हैं वहां पर रात्रि गश्त बढ़ाए जाने व पिंजरे लगाने, पहाड़ों में कुल कितने गुलदार हैं इसकी गणना कर सार्वजनिक किए जाने की मांग की। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित उछोली, पूर्व छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका खत्री, अरूणेश मिश्रा, युवराज, प्रवेश बुटोला, प्रिंस वर्मा, शशिकांत आदि मौजूद रहे।