डागर गोदी मोटर मार्ग नहीं बनने से लोग हो रहे हैं परेशान
श्रीनगर। कीर्तिनगर विकासखंड के कुलेड़ी गांव में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डागर गोदी मोटर मार्ग पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी। महिलाओं ने विभाग व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
कीर्तिनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत डागर के अंतर्गत आने वाला कुलेडी गांव सड़क से तीन किमी दूर है। ग्रामीण लंबे समय से गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक ग्रामीणों ने डागर-गोदी मोटर मार्ग पर आवाजाही अवरुद्ध की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि समय के साथ प्रदर्शन को उग्र किया जाएगा।
महिला मंगल दल की अध्यक्ष विमला देवी महर ने कहा कि सड़क नहीं होने से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं बीमार लोगों को लाने ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से सड़क बनाने की सरकार से मांग की जा रही है। कहा कि सड़क को लेकर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो पूरे गांव की मातृशक्ति एवं ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे।
ग्रामीण राजेंद्र डोभाल ने कहा कि 2016 में यहां के लिए सड़क स्वीकृत हुई थी, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। अरुण नेगी ने कहा की आजादी के बाद से अब तक भी रोड नहीं पहुंचा पाना सरकारों की कमियों को उजागर करता है। इस मौके पर राजेंद्र महर, प्रकाश जोशी, हेमंत महर, संजय भट्ट, सुनीता देवी, गणेशी देवी मौजूद रहे।